भीषण गर्मी में पारा जब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है तो ऐसे में बिजली कटौती लोगों को परेशान कर रही है। शहर और ग्रामीण अंचल में दिन और रात में कई बार बिजली कटौती हो रही है। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत अधिकारी इस कटौती का सही कारण नहीं बता पा रहे।
शनिवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में लोगों का पल भर के लिए भी कूलर और पंखों की हवा से दूर रहना मुश्किल हो रहा था। इस दौरान शहर में रुक-रुककर कई बार बिजली कटौती की गई। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र में भी छह से 10 घंटे की कटौती की जा रही है। गर्मी में इस कटौती से लोग काफी परेशान हो रहे हैं। शहर के कमला बाजार, रेवाड़पुरा, गुड़हाई बाजार, सासनी गेट पर दोपहर में करीब एक घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। वहीं रामपुर, देवीनगर, हाथरस जंक्शन, भोपतपुर, दरियापुर आदि गांवों में देर रात करीब तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहीं। दिन के साथ ही रात का तापमान भी लोगों को खूब परेशान कर रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। रात में भी गर्म हवा चलने के कारण लोगों को चैन नहीं मिल रहा।
आज इन क्षेत्रों में रहेगी बिजली कटौती
ओढ़पुरा विद्युत उपकेंद्र के टाउन वन फीडर पर अनुरक्षण एवं लाइन की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके चलते रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक मोहनगंज, हलवाई खाना, गली बंदरवन, चौबे गली, बैनीगंज, कौंजड़ान गली, बंगाली गली, रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट आदि इलाकों की विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी। इससे पहले सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के नवल नगर, औद्योगिक क्षेत्र, साकेत कॉलोनी और लेबर कॉलोनी में भी विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी।