संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
पिछले दिन-चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त करके रख दिया है। गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें डूब गई हैं। जलभराव होने से सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढे में वाहनों के फंसने से जीटी रोड पर लगभग 24 घंटे तक जाम लगा रहा।
अक्तूबर माह में ऐसी बारिश कई दशकों से नहीं हुई थी। मानसून में किसान आसमान ताकते रहे कि किसी तरह बारिश हो जाए लेकिन क्षेत्र में सामान्य से काफी कम हुई। किसानों ने किसी तरह बाजरा, मक्का, धान, लाहा की फसल को बचाया लेकिन अक्तूबर में हुई बारिश ने किसानों की कमर पूरी तरह तोड़ कर रख दी है।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फसलें पानी में डूब गईं। कटी पड़ी फसल भीग गई हैं। इधर जीटी पर अलीगढ़ बाईपास से एटा रेलवे फाटक तक बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इसके चलते भारी वाहनों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंत चौराहे से एटा रेलवे फाटक निकलने में जाम के कारण घंटों समय लग गया। इधर बिजली जुगनू की तरह चमक कर आ जा रही है। पुरदिलनगर जलेसर मार्ग रेलवे अंडरपास में पानी भरने से बंद हो गया है। केवल चौपहिया वाहन ही परेशानी के बाद निकल पा रहे हैं। मजबूरी में लोग बाइकों को खतरा उठा कर रेलवे लाइन से निकाल रहे हैं।