दो घंटे की बारिश के दौरान बुधवार की दोपहर को शहर का बिजली सिस्टम लड़खड़ा गया। नवल नगर प्रगतिपुरम स्थित विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी की लाइन पर नगला भूरा मार्ग पर पेड़ गिर गया। इस कारण उपकेंद्र से जुड़े तीन फीडरों की बिजली दोपहर एक से शाम चार बजे तक कुल तीन घंटे ठप रही। करीब 20 हजार की आबादी को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
इस उपकेंद्र से जुड़े शहरी क्षेत्र के तमना गढ़ी, औद्योगिक क्षेत्र और बागला जिला अस्पताल फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। बारिश थमने के बाद विद्युत अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लाइन में हुए नुकसान का जायजा लिया। करीब तीन घंटे तक अलीगढ़ रोड, नवल नगर, औद्योगिक क्षेत्र, तमना गढ़ी, दयानतपुर, गिर्राज कॉलोनी, साकेत कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, चमन विहार कॉलोनी, इंदिरा नगर, रावत कॉलोनी आदि इलाकों की बिजली ठप रही। बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उद्योग-धंधों के साथ घरेलू कामकाज भी ठप पड़े रहे। शाम चार बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत महसूस की।
बुधवार को दिन में कई घंटे तक बिजली गुल रही। पहले से ही दिन और रात में काफी बिजली कटौती हो रही है।
-राकेश बंसल निवासी गिर्राज कॉलोनी।
-
आमतौर पर हर बार बारिश आने के बाद बिजली गुल हो जाती है। बुधवार को भी बारिश के बाद कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
-सुनील निवासी अलीगढ़ रोड।
प्रगतिपुरम स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन के ऊपर बुधवार की दोपहर को पेड़ गिर गया था। इस कारण उपकेंद्र से जुड़े इलाकों की कुछ घंटे के लिए आपूर्ति बाधित रही। जल्द ही लाइन पर गिरे पेड़ को हटवा लिया गया और लाइन की मरम्मत कराकर आपूर्ति को बहाल कर लिया गया।
-विशाल निषाद, एसडीओ प्रथम शहर।