निलंबित नेवी जवान गौरव की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। उक्त मामले में सही विवचेना न करने का आरोप लगाते हुए परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस चौकी मई का घेराव कर प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक मई पुलिस चौकी पर धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन की सूचना पर सीओ हिमांशु माथुर मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। तीन दिन में नामजदों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों व परिजनों को शांत कराया।
उल्लेखनीय है कि सादाबाद के गांव बहादुरभूप निवासी किसान चन्द्र पाल बघेल के खेत में 29 अगस्त सुबह गांव सरौंठ निवासी निलंबित नेवी जवान गौरव का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी हत्या में किशोर व उसकी बहन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू, गमछा बरामद किया था। इस मामले में 29 अगस्त की देर शाम को मृतक के पिता गांव सरौंठ निवासी राम गोपाल ने एक नाबालिग सहित पांच नामजद के खिलाफ षडयंत्र के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार को पुलिस ने नामजदों में एक बालअपचारी एवं उसकी नाबालिग बहिन को इस हत्याकांड में गिरफ्तार किया था। इसके बाद मृतक के पिता ने खुलासे पर सवाल खडे़ कर दिए थे। सोमवार को परिजनों के साथ ग्रामीण पुलिस चौकी मई पर पहुंच गए। यहां ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस चौकी का घेराव कर धरना पद्रर्शन शुरू कर दिया। धरने की सूचना पर सीओ हिमांशु माथुर एवं कोतवाल नरेश सिंह मय पुसिल बल के मौके पर पहुंच गए । दोनों अधिकारियों ने धरना प्रदर्शन करने वालों को लगभग चार घंटे तक समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग थी कि विवेचना सही तरीके से की जाए। नामजदों की गिरफ्तारी की जाए।
नामजदों को तीन दिन में गिरफ्तार करने का पूरा प्रयास किया जाएगा । नामजदों से अलग बॉबी के पीछे हम लोग लगे हुए हैं उसे भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा । हिमांशु माथुर सीओ सादाबाद