शहर के किला रेलवे स्टेशन से दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की बात है। किला स्टेशन से दिल्ली के लिए एचएडी के अलावा अन्य ट्रेनों का संचालन होगा। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने अधीनस्थों को इस बारे में निर्देश दिए हैं। इस पर प्रस्ताव तैयार कर संचालन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस किला स्टेशन से दिल्ली के लिए एचएडी पैसेंजर ट्रेन का संचालन होता है। औसतन हर रोज साढ़े 400 यात्री दिल्ली के लिए सफर करते हैं। सुबह पौने छह बजे किला स्टेशन से यह ट्रेन रवाना होती है। रात को 10 बजकर 45 मिनट पर हाथरस किला स्टेशन आती है। रात्रि में यह ट्रेन हाथरस जंक्शन पर खड़ी होती है। इसके अलावा यहां से कोई अन्य ट्रेन नहीं चलती।
बीते दिनों यहां आए डीआरएम के समक्ष रामगोपाल दीक्षित ने कहा कि हाथरस किला स्टेशन से अलीगढ़ में रात्रि में खड़ी होने वाली ट्रेनों का यदि यहां से संचालन कर दिया जाए तो काफी राहत मिलेगी। इस पर डीआरएम ने अधीनस्थों को ट्रेनों के संचालन को लेकर निर्देश दिए। अब रेलवे अधिकारी इसका प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजेंंगे। इलाहाबाद मंडल के डीआरएम के पीआरओ अमित कुमार का कहना है कि ट्रेनों के संचालन को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।