ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों द्वारा सफाई न करने व अनुपस्थित रहने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने ऑनलाइन उपस्थिति लगाने के निर्देश दिए हैं। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों व सामुदायिक शौचालयों के केयर टेकर की ऑनलाइन हाजिरी लगाई जाएगी।
इससे पूर्व ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की उपस्थिति भी ऑनलाइन शुरू की जा चुकी है। इससे कर्मचारियों के अकारण अनुपस्थित रहने पर अंकुश लगेगा। साथ ही सफाई कर्मियों द्वारा निर्धारित ग्राम पंचायतों में उपस्थित न होने व ठेकेदारी प्रथा पर कार्य कराए जाने की समस्या का भी निस्तारण हो जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत व जिला स्तर पर जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायतराज अधिकारी सुबोध जोशी ने सभी एडीओ पंचायत को सभी ग्राम पंचायतों में नई व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं और कहा है कि ऑनलाइन हाजिरी न लगाने की दशा में वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। संवाद