सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर रौब झाड़ने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली हसायन में सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह और थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि जयपुर-बरेली मार्ग स्थित गांव नगला रति पर सलेमपुर चौकी प्रभारी रामनरेश कांस्टेबल विकास पंवार के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भ्रमण कर रहे थे। तभी उन्हें एक युवक खाकी वर्दी पहनकर आते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर फर्जी वर्दीधारी युवक सकपका गया। चौकी प्रभारी रामनरेश ने पूछताछ की तो वह पुलिस से संबंधित कोई जानकारी नहीं दे पाया। चौकी प्रभारी ने सख्ती बरती तो उसने अपना नाम प्रमोद कुमार उर्फ विजेंद्रपाल सिंह निवासी जिरौली हीरा सिंह थाना अकराबाद जिला अलीगढ़ बताया।
प्रमोद ने बताया कि वह खाकी वर्दीधारी पहनकर रौब झाड़ने का काम करता है। उपनिरीक्षक रामनरेश ने प्रमोद के परिजनों को जानकारी दी तो परिजन व रिश्तेदार रोते हुए कोतवाली पहुंचे। सीओ ने बताया कि प्रमोद नाम का युवक नगला रति पर बुलट बाइक पर वर्दी पहनकर घूम रहा था।तभी मुखबिर ने सलेमपुर पुलिस चौकी पर इसके बारे में सूचना दी। इसके आधार पर प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से तीन मोबाइल फोन, एक पुलिस लिखा हुआ पर्स और बुलट बाइक बरामद हुई है।