कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा निवासी उल्टी-दस्त से पीड़ित डेढ़ माह के मासूम की मंगलवार रात को मौत हो गई। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा निवासी जितेंद्र के डेढ़ माह के बेटे प्रिंस को दो दिन से उल्टी-दस्त हो रहे थे। परिजनों ने उसे नजदीकी चिकित्सक को दिखाकर दवा दिलाई, लेकिन इसके बाद भी उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार की रात को एकाएक उसकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए शहर के बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। रोते-बिलखते परिजन शव को लेकर गांव चले गए।