सिल्ला विसवानपुर गांव में बुधवार शाम गांव के एक अप्रशिक्षित से बुखार की दवा लेकर वृद्धा की पहली खुराक खाते ही कुछ देर बाद मौत हो गई। मृतका के बेटे की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
गांव के अखिलेशा कुमार पुत्र डालचंद का कहना है कि उसकी मां ओमवती देवी (58) को बुधवार शाम बुखार आया। शाम करीब 5 बजे उन्होंने गांव के ही मोहन उर्फ सादत अली पुत्र नवाजिश अली से दवा ली। परिजनों के अनुसार पहली खुराक खाने के पांच मिनट बाद ही उनके पूरे शरीर में जलन और खुजली होने लगी। कुछ देर बाद खून की उलटी हुई और वह जमीन पर गिर पड़ी। अखिलेश का आरोप है कि जब वह परिजनों संग उसे बुलाने उनकी दुकान पर गए तो शराब के नशे में धुत सादत ने अभद्रता की। वह मां को कहीं और ले जा पाते उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। ग्राम प्रधान पति सुनील शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है, मुकदमे की कार्यवाही प्रचलन में है।