उत्तर-मध्य रेलवे के दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के निकट बुधवार की सुबह एक वृद्धा की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव पापरी निवासी 70 वर्षीय लाल कौर पत्नी धनीराम बुधवार को दिल्ली से किसी ट्रेन से हाथरस आ रही थीं। ट्रेन के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही वह ट्रेन से उतर गईं। इस दौरान वह रेलवे स्टेशन के निकट स्थित पुराना फाटक पार कर रही थीं। तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंच गई और आनन-फानन एंबुलेंस से वृद्धा को इलाज के लिए शहर के बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भिजवाया। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। हालांकि, बाद में शिनाख्त होने पर मृतका के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए।