सिकंदराराऊ के गांव गढ़िया में गोली लगने से घायल युवक।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के गांव गड़िया इकबालपुर में गुरुवार दोपहर दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
गांव निवासी अनार सिंह पुत्र बुद्धसैन ने दी गई तहरीर में लिखा है कि उसका भतीजा यतेंद्र दोपहर साढ़े तीन बजे बाइक से गांव वापस आ रहा था। रास्ते में भूदेवी पत्नी बदन सिंह के घर के समीप गांव निवासी आकाश, अलकेवा, देवेंद्र, अवनीश आदि ने उसे घेर लिया।
सभी लोग उसे पीटते हुए भूदेवी के मकान में खींच ले गए। भूरी देवी ने उसे बचाना चाहा तो उसके सिर को असलाह की बट मारकर फोड़ दिया। यतेंद्र से घड़ी मोबाइल तथा 225 रुपये लूट लिए। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो इन लोगों ने अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी।
गोली गांव में आए रिश्तेदार वीरपाल पुत्र गोपीचंद्र निवासी नरेरा एटा के हाथ में लगी। इसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। मारपीट में एक पक्ष के वीरपाल, देवेंद्र, अंशुल, सत्यप्रकाश, घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष की तहरीर नहीं आई है। मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।