संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पीएम आवासा योजना ग्रामीण के तहत आवास निर्माण में लापरवाही पर परियोजना निदेशक ने पांच खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। समीक्षा के दौरान पाया कि पांच ब्लॉकों में अभी भी पिछले वित्तीय वर्ष के लक्ष्य के सापेक्ष आवास अपूर्ण हैं। परियोजना निदेशक राजेश कुरील ने आवासों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रत्येक वर्ष शासन की ओर से लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। इस लक्ष्य के सापेक्ष सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के डाटा के अनुसार आवासों का आवंटन शासनादेश के क्रम में किया जाता है। पिछले वर्ष भी इस क्रम में आवासों का आवंटन किया गया।
इस योजना के तहत लाभार्थी को तीन किस्तों में धनराशि मुहैया कराई जाती है। इन आवासों के निर्माण की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी संबंधित ब्लॉकों को दी जाती है, जिससे कि आवासों का निर्माण समयावधि में पूर्ण हो सके।
शासन स्तर से समीक्षा में पाया गया कि ब्लॉक सादाबाद में चार, हसायन में चार, सिकंदाराराऊ में एक, मुरसान में एक, हाथरस में दो आवास अभी भी अपूर्ण हैं। शासन ने इसे लेकर नाराजगी जताई। परियोजना निदेशक राजेश कुरील ने शासन के निर्देश पर बीडीओ सादाबाद, हसायन, सिकंदाराराऊ, मुरसान व हाथरस को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।