संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में नए उद्योग लगने के साथ निवेश के द्वार खुलने जा रहे हैं। इकाइयां लगने पर बिजली विभाग को अलग से नया खंड बनाएगा। पूर्व में इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वर्तमान में हसायन व सिकंदराराऊ में एक लाख 19 हजार उपभोक्ता है। इकाइयां लगने से उपभोक्ताओं की संख्या में और इजाफा होगा।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग ने एक लाख 19 हजार 794 हजार उपभोक्ताओं को दो भागों में बांटकर बिजली से संबंधित समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण करने के लिए सिकंदराराऊ में नया खंड कार्यालय बनाने का प्रस्ताव निगम को भेजा था। अब सलेमपुर औद्योगिक भूमि पर नई औद्योगिक इकाइयां लगेंगी। इसके लिए 64 से अधिक उद्यमियों ने आवेदन किया है।
इन्वेस्टर समिट में शामिल होने के बाद नए उद्योग लगना शुरू हो जाएंगे। इसलिए बिजली विभाग के लिए खंड कार्यालय खोलना जरूरी होगा। इस मामले में अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र को दृष्टिगत रखते हुए नए विद्युत वितरण खंड का प्रस्ताव भेजा गया है।
सासनी की दूरी अधिक कैसे होगी समस्या दूर
बिजली विभाग के खंड तृतीय में एक लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। इसमें सासनी, सिकंदराराऊ, हसायन, सलेमपुर, हसायन की दूरी सासनी खंड कार्यालय से अधिक हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को आए दिन मुश्किलों से जूझना पड़ता है। साथ ही सासनी कार्यालय तक जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। बिजली महकमे के अधिकारी भी सही तरीके से मॉनिटरिंग नहीं कर पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सिकंदराराऊ व हसायन को मिलाकर नया खंड बनाने का प्रस्ताव निगम को भेजा गया।
उपभोक्ताओं की संख्या
सासनी प्रथम में 8439, सासनी तहसील में 1871, छोंडा सासनी द्वितीय में 4477, बसई बसगोई में 1809, बिलखौरा में 1797,बिर्रा में 2812, बसईकाजी में 3105 उपभोक्ता है। भोपतपुर में 10715, सलेमपुर में 6367, नगला रति में 1478, वाहनपुर में 2431, टिकारी में 313, कौमरी में 3823, महौ में 3279, सिकंदराराऊ में 9500, नगला जलाल में 4021, ईशेपुर में 2923, वाजिदपुर में 2690, कचौरा में 5051, अगसौली में 5900, बराई शाहपुर में 1921, अल्हैपुर 6241, बरसाना में 2368, नवीपुर में 1971, नगला वीरसहाय में 2754, पुरदिलनगर टाउन में 7333, पोरा में 2309, भिसी मिर्जापुर में 1461 उपभोक्ता है। अब उद्योग खुलने से उपभोक्ताओं की संख्या में और इजाफा होगा।