उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के कार्यपालक अध्यक्ष के आदेशानुसार प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर अब राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 मई की जगह 21 मई को किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक के प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों के निस्तारण के संबंध में बैंक अधिकारियों की बैठक जिला न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में अपर जनपद न्यायाधीश व सचिव अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई। अग्रणी जिला प्रबंधक दिलीप सिंह कपूर, पंजाब नेशनल बैंक से विक्रांत दुबे, बैंक ऑफ इंडिया से रविकांत बघेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से पंकज कुमार, आयावर्त बैंक से अभय शर्मा, बैंक ऑफ बड़ौदा से अभिषेक शर्मा, इंडियन बैंक से उदय सिंह एवं यूनियन बैंक से रंजीत गौतम उपस्थित रहे।
सचिव ने कहा कि 13 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को स्थगित कर दिया गया है। अब 21 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सचिव ने बैंक प्रबंधकों से उनके द्वारा चिह्नित प्री लिटिगेशन स्तर के बैंक मामलों की संख्या के बारे में जानकारी ली। जिले के सभी बैंकों ने अब तक लगभग 3,500 से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किया गया है। बैंक अधिकारियों को अधिक से अधिक संख्या में मामलों को नियत करते हुए इनके निस्तारण के संबंध में निर्देश दिए गए।