मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय के आदेश पर घटना के करीब छह माह बाद हत्या के मामले में चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दरियापुर का है। मृतक की मां ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की गुहार लगाई थी।
गांव दरियापुर की शांति देवी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। प्रार्थना पत्र में आरोप था कि 19 फरवरी को वह घर में कार्य कर रही थीं। छोटा बेटा लाल सिंह उर्फ लल्लू भी घर में था। इस बीच गांव के धीरज पुत्र यादराम, जानी पुत्र शिशुपाल, यादराम व शिशुपाल पुत्रगण दीपचंद्र घर पर आए और लाल सिंह उर्फ लल्लू को अपने साथ ले गए। शाम छह बजे धीरज, जानी, शिशुपाल, यादराम घर पर आए लल्लू को मृत अवस्था में घर में अंदर डालकर चले गए। पीड़िता ने बताया है कि लल्लू को सभी ने मिलकर जहरीली शराब पिलाई थी। पोस्टमार्टम कराने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने मामले में शिकायती पत्र न्यायालय में दिया। न्यायालय के आदेश से घटना के करीब छह माह बाद मामले में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।