आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित रूहल मोड़ के निकट बृहस्पतिवार की शाम को रोडवेज बस ने गोवंश और मोपेड सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में गोवंश की मौत हो गई, जबकि मोपेड सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाते समय दंपती की मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन भी वहां पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे।
बृहस्पतिवार की देर शाम करीब 29 वर्षीय राजकुमार पुत्र ज्वाली सिंह व उनकी पत्नी करीब 26 वर्षीय मीरा देवी कस्बा सासनी से अपने गांव अलीगढ़ जिले के गांव बमन खेड़ा जा रहे थे। जैसे ही वह रूहल मोड़ के निकट पहुंचे, वैसे ही रोडवेज ने मोपेड एवं गोवंश को टक्कर मार दी। मोपेड क्षतिग्रस्त हो गई और गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। मोपेड सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। रास्ते में दंपती की मौत हो गई। सूचना पर उनके परिजन भी वहां पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया था, जबकि उसका चालक फरार हो गया।