सहपऊ के एमएल इंटर कॉलेज सहित परिषदीय विद्यालयों में मेन्यू के अनुसार दूध व अन्य खाद्य सामग्री न पहुंचने की शिकायतों की बृहस्पतिवार को जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन अरविंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया कि नामित संस्था द्वारा दूध वितरित न करने की शिकायत सही मिली। बीएसए ने कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिले के करीब 300 विद्यालयों में नामित संस्था के जरिये मध्याह्न भोजन का वितरण किया जा रहा है। शासन की ओर से गुणवत्ता पूर्ण भोजन दिए जाने के लिए मेन्यू निर्धारित किया गया है। बुधवार को शिकायत मिली थी कि सहपऊ क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन का वितरण नहीं किया जा रहा है। पांच महीने से तो नामित संस्था द्वारा दूध का वितरण नहीं किया जा रहा है। एमएल इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने तो मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की थी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती ने बताया कि बृहस्पतिवार को डीसी एमडीएम ने एमएल इंटर कॉलेज में जांच की। वहां पता चला कि नामित संस्था द्वारा दूध का वितरण नहीं किया जाता है। विद्यालय में 150 में से करीब 50 विद्यार्थी भोजन कर रहे हैं। संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।