च्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत रविवार को एक तारीख एक घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा नामित नोडल अधिकारी व मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक प्राधिकरण मयूर माहेश्वरी ने जिलाधिकारी अर्चना वर्मा, जिले के अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ गांधी पार्क तिराहा स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सफाई अभियान का शुभारंभ किया।
नोडल अधिकारी ने घर-घर से कूड़ा संकलन के लिए ई रिक्शा और हाथ रिक्शा कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लेबर कॉलोनी पार्क में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस क्रम में उन्होंने बरगद और कदम का पौधा रोपा।
नोडल अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत चालू किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य कूड़ा करकट वाले संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर सफाई करके अपने गांव, शहर व कार्यालय को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना है। जिले के ऐसे संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, अपर जिलाधिकारी डॉ. बसंत अग्रवाल, उप जिलाधिकारी रवेंद्र कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर मौजूद रहीं। पंजाब नेशनल बैंक, बीएसए कार्यालय, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन सहित सभी कार्यालयों में श्रमदान किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. मंजीत सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. नरेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. राजीव गुप्ता, डॉ. पवन कुमार आदि उपस्थित रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इंतेक़ाम आलम और कार्यवाहक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने हिस्सा लिया। सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डाॅ.राजीव अग्रवाल के निर्देशन में सफाई की गई।