फैक्टरी से उठतीं आग की लपटें। संवाद
- फोटो : Samvad
शहर की घनी आबादी वाले वाटर वर्क्स स्थित वर्मा कॉलोनी में रविवार की शाम शॉर्ट सर्किट से एक मकान में चल रही गारमेंट फैक्टरी में आग लग गई। बताया जाता है कि इस मकान में रेडीमेड कोट बनाने का कार्य होता है। यहां कोट रखने के कवर रखे हुए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली हाथरस गेट पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। पुलिस व दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।
शहर के ढकपुरा रोड स्थित वर्मा कॉलोनी में योगेश कुमार अग्रवाल पुत्र गोपाल प्रसाद अग्रवाल का मकान है। योगेश कुमार का कोट के कवर बनाने का कारोबार है। रविवार की देर शाम को उनके मकान में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग व कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को दी गई। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कराए।
अधिकारियों की चिंता उस समय बढ़ गई, जब उन्हें पता चला कि मकान के अंदर एक व्यक्ति फंसा है। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव पड़ोस के मकान पर सीढ़ी लगाकर जिस मकान में आग लगी थी, उसकी दीवार तोड़कर सीढ़ी के रास्ते दाखिल हुए और वहां फंसे युवक को बाहर निकाला। अग्निशमन की गाड़ियों की कमी होने पर तुरंत ही कस्बा सासनी से दमकल की अन्य गाड़ियों को बुलाया गया।
पानी खत्म होने पर नजदीक ही नगर पालिका के जलकल संस्थान से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के लिए पानी का इंतजाम किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। जानकारी होने पर एएसपी अशोक कुमार सिंह व सीओ सादाबाद गोपाल सिंह मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। मकान स्वामी के मुताबिक अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि रात होने की वजह से नुकसान का सही आकलन नहीं हो पा रहा है।