सीएम के निर्देशों से संबंधित विभागीय अधिकारियों को बैठक के माध्यम से कराते हुए डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। सभी अधिकारियों का निवास जनपद मुख्यालय पर ही होना चाहिए यदि ऐसा नहीं पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने मुख्यमंत्री जी द्वारा विभागों को दिए गए निर्देशों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि समस्त एसडीएम कानून व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधियों से संबंधित घटनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतें। उन्होंने कहा कि यदि जनपद में कोई छोटी य बड़ी घटना होती है तो तत्काल कार्रवाई करें। उसकी जानकारी प्रशासन स्तर पर अवश्य दें। उन्होंने अधिकारिओं से प्रतिदिन जनता से मिलने के लिए एक समय निर्धारित करने को कहा एवं निर्धारित समय में उपस्थित होकर उनकी समस्याओं को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। डीएम ने आबकारी अधिकारी से अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री को रोकने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने परिवहन विभाग से हेलमेट, सीट बेल्ट पर कारवाई करने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने परिवहन अधिकारी तथा पीडब्लूडी अधिकारी को संयुक्त रुप से दुर्घटना होने वाले स्थलों को चिन्हित करने के लिए कहा।
सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ चालकों की जांच एवं जागरूकता के कार्यक्रमों का आयोजन करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना फीडिंग कार्य में तेजी लाने के लिए कहा। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत प्राप्त कार्डों का वितरण शीघ्र करने के लिए कहा। पशु चिकित्साधिकारी से निर्माणाधीन गोशालाओं का काम जल्द से जल्द पूर्ण कराते हुए खुले में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ कर गोशालाओं में रखने के लिए का कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी आवारा पशु खुले में घूमते हुए नजर नहीं आना चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग को प्रशासन के संज्ञान में लाते हुए बिजली बकाएदारों से वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएसओ से राशन का वितरण अधिकतम ई-पॉस मशीन के माध्यम से करने को कहा। उन्होंने आधार कार्ड की फीडिंग, सीडिंग तथा वेलीडेशन का कार्य समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक करके पेट्रोल पंप में साफ पीने के पानी, टॉयलेट एवं शौचालय कि व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।