शासन के निर्देश के बाद भी शहर में शनिवार से राशन वितरण शुरू नहीं हो पाया है। दुकानों पर ताले लटके हैं और राशन कार्ड धारक हंगामा कर रहे हैं। ई-पॉस मशीनों में सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होने की वजह से राशन वितरण नहीं हो पा रहा है। रविवार को राशन वितरण नहीं होने पर कैलाश नगर में हंगामा हुआ।
जिले में 12 अगस्त से राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट दो किलोग्राम गेहूं और तीन किलोग्राम चावल दिया जाना था। शहर में राशन वितरण की करीब 50 दुकानें हैं, जिनसे करीब 23810 कार्डधारकों को राशन दिया जाता है। एक दिन बाद रविवार को भी सभी दुकानों पर ताले लगे हुए थे और कार्डधारक भटकते रहे। कुछ दुकानें खुली भी तो वहां राशन नहीं दिया जा रहा था।
रविवार को कैलाश नगर स्थित उचित दर विक्रेता की दुकान पर कार्डधारकों ने हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां मनमाने तरीके से खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। कम मात्रा खाद्यान दिया जाता है, शिकायत करते हैं तो कार्ड से यूनिट हटवा देता है। इस बार तो राशन दिया ही नहीं गया।
सभासद ने राशन डीलरों के खिलाफ खोला मोर्चा, पोस्टर किए दुकानों पर चस्पा
एक सभासद ने राशन वितरण की दुकानों पर पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इनमें कार्डधार को मिलने वाले खाद्यान की पूरी जानकारी दी गई है। साथ ही कहा गया है कि अंगूठा लगाने के बाद जो पर्ची निकलती है, उसी के अनुरूप राशन प्राप्त करें। यदि कोई कोटेदार गेहूं या चावल के अलावा कोई अन्य वस्तु देता है तो उसका जीएसटी अथवा पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 पर कॉल करें।
दो दिन से खाद्यान्न लेने के लिए दुकान पर जा रहा हूं। दुकान बंद होने के कारण लौट कर आ रहा हूं।
राकेश, कार्डधारक।
राशन की दुकान बंद पड़ी हैं। इस कारण खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है।रोज खाद्यान्न लेने जाते हैं, बैरंग लौट कर आता है।
ब्रहमजीत, कार्डधारक।
ई पॉस मशीन का सॉफ्टवेयर अपडेट न होने के कारण खाद्यान्न वितरण प्रभावित हो रहा है। एक सभासद की दुकान हटाई गई है। इस कारण सभासद दुकानों पर कार्डधारकों को ले जाकर बखेड़ा खड़ा करा रहा है। इस मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा रहा है।
ध्रुवराज यादव, डीएसओ।