हसायन में बिजलीघर में धरने पर बैठे ग्रामीणों व भाकियू कार्यकर्ताओं को समझाते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : samvad
बिजलीघर क्षेत्र के गांव बदनपुर में लगेे दो ट्रांसफॉर्मर फुंकने से इससे जुड़े गांवों की बिजली ठप हो गई। ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों से शिकायत की तो उन्होंने साफ कह दिया कि जब तक गांव के लोग बिल जमा नहीं करेंगे, तब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले जाएंगे। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में गांव बदनपुर के ग्रामीणों ने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया।
बिजलीघर पर तैनात एसएसओ को बाहर कर पांच फीडरों से जुड़े गांवों की आपूर्ति ठप करा दी। सूचना मिलते ही एसडीओ शुभम सिंह बिजलीघर पहुंच गए। उन्होंने भाकियू कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फिलहाल 25 और 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगवा दे रहे हैं। एक सप्ताह के बाद 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़वा दी जाएगी मगर भाकियू कार्यकर्ता तत्काल क्षमता बढ़वाने की मांग कर रहे थे।
एसडीओ ने बताया कि गांव बदनपुर में 125 उपभोक्ताओं के यहां कनेक्शन हैं। ज्यादातर उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे। इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष ने एसडीओ को कुछ उपभोक्ताओं द्वारा बिल जमा करने का प्रमाण मोबाइल फोन पर दिखाया गया। इस दौरान उनकी एसडीओ से तीखी नोकझोंक भी हुई।
एसडीओ ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया। कस्बा चौकी इंचार्ज बिजलीघर पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाया। ग्रामीणों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा हैं, कम से कम उन्हें तो बिजली दी जाए। एसडीओ व उपनिरीक्षक मुनव्वर अली ने शाम तक गांव में दोनों ट्रांसफॉर्मरों को बदलवाने का आश्वासन दिया। तब करीब तीन घंटे बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर का ताला खुलने दिया। एसडीओ ने बताया कि बिजलीघर का ताला खुलवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई। गांव बदनपुर में ट्रांसफॉर्मर बदलवाने का काम कराया जा रहा है। संवाद