संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव किंदौली में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीम के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक खिलाड़ी पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया।
रविवार को शहर से सटे गांव किंदौली में कबड्डी टूर्नामेंट हो रहा था। यहां पर टीमों के बीच एक-एक मुकाबला हो चुका था। सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जीत हार को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी।
जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि एक टीम के खिलाड़ी ने दूसरी टीम के खिलाड़ी के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसकी जानकारी उसके साथियों को हुई तो उसे घायल अवस्था में आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।