फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: जल निगम के जीएम-जेई को दौड़ाकर पीटा, कपड़े फाड़े

विज्ञापन
गोविंद नगर में जलभराव के कारण गिरे मकान को देखने पहुंचे जीएम जल निगम कूडे़ के ढेर पर लेटे हुए।  - फोटो : samvad
विज्ञापन
लगातार पांच दिन से हो रही बारिश के चलते शहर में हो रहे जलभराव से नाराज लोगों के सब्र का बांध बुधवार को दोपहर टूट गया। जलभराव की शिकायत पर मौके पर जा रहे नगर निगम के महाप्रबंधक (जीएम) जल व जेई को भाजपा की महिला पार्षद की अगुवाई में लोगों ने रास्ते में रोककर पीट दिया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। दोनों ने दौड़ लगाकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन






इस घटना का वीडियो वायरल होने पर नगर निगम में कर्मचारी विरोध में आ गए और प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी पर आमादा हो गए तो पार्षद भी लामबंद हो गए। इसी बीच महिला पार्षद ने खुद के साथ अभद्रता, छेड़खानी का आरोप मढ़ दिया और तमाम पार्षदों संग थाने का घेराव कर लिया। इस मामले में देर रात दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए, तब जाकर विवाद शांत हुआ।





सुबह गोविंद नगर में मकान गिरने और फिर बाईपास पर श्रीनगर में नाला कटने की सूचना पर अपर नगर आयुक्त राकेश यादव की अगुवाई में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, वहां विधायक अनिल पाराशर भी मौजूद थे। गोविंद नगर व श्रीनगर के मुआयने के दौरान अधिकारियों को धनीपुर में जलभराव की सूचना मिली। इस पर वहां मौजूद जीएम जल अनवर ख्वाजा व जेई दिव्यांशु वत्स को मौके पर भेजा गया। वह जा ही रहे थे, तभी गोविंद नगर पंप के पास मौजूद लोगों ने भाजपा पार्षद स्नेह लता, उनके पति अरविंद सिंह की अगुवाई में उन्हें रोक लिया गया।
विज्ञापन







इसी दौरान वहां पार्षद व जीएम के बीच कुछ कहासुनी हुई। माहौल इतना बिगड़ गया कि जीएम व साथ मौजूद जेई दिव्यांशु वत्स को गाड़ी से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह उन्होंने एक बाइक पर बैठकर भागते हुए गांधीपार्क थाने पहुंचकर खुद को बचाया। खबर पर सचल दल भी पहुंच गया। इस दौरान उनके कपड़े तक फट गए। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो नगर निगम में कर्मचारी उग्र हो गए और घटना के विरोध में हंगामा करते हुए तालाबंदी की घोषणा कर दी। साथ ही मुकदमे की मांग की।





इस मामले को गांधीपार्क थाने से महुआ खेड़ा थाना भेजा गया। यहां जीएम की ओर से पार्षद, उनके पति आदि के खिलाफ तहरीर दी गई। जब यह खबर पार्षद पक्ष को हुई तो पार्षद अपने साथ तमाम भाजपा पार्षदों को लेकर महुआ खेड़ा पहुंच गईं और खुद के साथ अभद्रता छेड़खानी का आरोप लगाकर धरने पर बैठ गईं। जीएम के खिलाफ मुकदमे की तहरीर दी।






थाना पुलिस ने इस मामले में अधिकारियों का आदेश मांगा तो तमाम तर्क दिए गए। देर शाम तक घटनाक्रम चला। तब जाकर पुलिस ने जीएम की तरफ से सरकारी कार्य में बाधा, बंधक बनाने व मारपीट आदि धाराओं में पार्षद पक्ष पर मुकदमा दर्ज किया गया। पार्षद की ओर से जीएम पर धक्कामुक्की में छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।




इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा विजय सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बाकी वायरल वीडियो घटना की सच्चाई तय करेगा। उसी अनुसार कार्रवाई होगी। अपर नगर आयुक्त राकेश यादव का कहना है कि मामले में पुलिस को अवगत करा दिया गया है।







दोनों पक्षों के तर्क

- नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष संजय सक्सेना व महामंत्री मानवेंद्र सिंह बघेल की अगुवाई में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया कि निगम के अफसरों व कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। बारिश में जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं और पार्षद अभद्रता कर रहे हैं। मामले में गिरफ्तारी व महाप्रबंधक की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया।








- भाजपा पार्षद संग घटना का आरोप लगाते हुए पुष्पेंद्र सिंह जादौन, वैभव गौतम, सहित तमाम पार्षद पहुंचे और कहा कि महिला पार्षद संग ये सब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यहां तक कहा कि ये सब जानबूझकर किया जा रहा है। मामले में हिंदू महासभा के अशोक पांडेय भी पार्षद के समर्थन में आ गए, जब पुलिस ने मुकदमे का भरोसा दिलाया, जब मामला शांत हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें