हाथरस में सादाबाद क्षेत्र के गांव नाला नगरिया की रहने वाली मधु ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में 482 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। बेहतरीन अंक प्राप्त कर शिवाय इंटर कॉलेज गोविंदपुर की छात्रा मधु ने अपनी प्रतिभा से परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
करीब 11 साल पहले एक दुर्घटना में मधु के पिता रामबाबू सिंह का देहांत हो गया था। माता जी की प्रेरणा से उसने दृढ़ निष्ठा से पढ़ाई की। मधु ने बताया कि वह नियमित पढ़ाई के लिए मेहनत करती है। परीक्षा के दिनों में उसने 8 से 10 घंटे पढ़ाई कर ये मुकाम हासिल किया है।
सफलता का श्रेय माता और शिक्षकों को देते हुए मधु ने आईएएस बनकर देश की सेवा करने की इच्छा जाहिर की है। लक्ष्य हासिल करने के लिए होनहार छात्रा ने अभी से तैयारी भी शुरू कर दी है। परिजनों ने भरोसा जताया है कि उनका बेटी अपना सपना पूरा कर उनका नाम रोशन करेगी।