खिटौली में गोपालपुर पिछौंती मार्ग पर महाराणा प्रताप के बोर्ड पर लगी स्याही।
- फोटो : Samvad
विकासखंड क्षेत्र के गांव खिटौली में महाराणा प्रताप की जयंती के दौरान गांव के ही कुछ अराजक तत्वों के द्वारा महाराणा प्रताप के बोर्ड पर स्याही पोत दी गई। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। खिटौली में गांव के बाहर गोपालपुर पिछौंती मार्ग पर लगे हुए महाराणा प्रताप के बोर्ड पर स्याही लगने की जानकारी जैसे ही क्षत्रिय समाज को हुई लोग एकत्र होने लगे। युवा वर्ग के अलावा अन्य उम्र वर्ग के लोगों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
क्षत्रिय समाज के द्वारा गांव के ही तीन दलित युवाओं के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि गांव में बाबा साहब की शोभायात्रा के दौरान गांव के एक युवक ने कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर महाराणा प्रताप को लेकर टिप्पणी कर दी गई थी। उस वक्त युवक ने क्षमा मांग ली थी। अब गांव में लगे हुए बोर्ड पर कुछ अराजक तत्वों के द्वारा स्याही लगा दी गई। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजकर युवाओं के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तीन नामजदों को गिरफ्तार कर लिया गया है।