न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
नगर के एक मोहल्ले में एक विधवा महिला के दूसरे संप्रदाय के युवक के घर में रहने को लेकर काफी हंगामा हुआ। कोतवाली पुलिस ने हस्तक्षेप कर महिला को घर से युवक के निकाल लिया और उसे उसके घर कासगंज जिले के सोरों पहुंचवा दिया।
बता दें कि 40 वर्षीय एक महिला और उसकी बेटी को गैर समुदाय के युवक ने अपने घर में रख लिया। इसे लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। कस्बा के पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भवानीशंकर शर्मा ने बताया कि यह महिला विधवा है और इसके दो बच्चे भी हैं। ससुराल वालों के चलते इसे निकाल दिया गया। यह महिला सिकंदराराऊ में घूम रही थी। तभी इसे नगर निवासी युवक अपने घर ले गया।
महिला के दूसरे संप्रदाय की होने के कारण मामला चर्चा में आ गया। शिकायत पर पुलिस उस घर में गई और महिला को कोतवाली ले आई। पूछताछ में महिला ने इच्छा जाहिर की कि उसे उसकी ससुराल सोरों छोड़ दिया जाए। कोतवाल अशोक कुमार सिंह का कहना है कि महिला बालिग है, इसलिए उसकी इच्छानुसार कार्रवाई होगी। संवाद