यदि आपके पास वाहन है और आपका मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक नहीं है तो आपके वाहन की सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय में फिटनेस नहीं होगी। शासन स्तर से फिटनेस की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। वाहन स्वामी अब आधार से मोबाइल नंबर लिंक कराने में जुट गए हैं। इस बाध्यता के कारण विभाग में फिटनेस कराने आने वाले वाहनों की संख्या कम हो रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में ढाई लाख वाहन चल रहे हैं। अब परिवहन विभाग में वाहनों की फिटनेस के नियमों में बदलाव नहीं किया गया है। जिन लोगों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक होगा, उन्हीं वाहनों की फिटनेस होगी। जिन वाहन स्वामी का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं होगा, उन्हें फिटनेस के लिए स्लॉट नहीं मिलेगा।
ऐसे में उनके वाहनों की फिटनेस की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकेगी। जिन वाहन स्वामियों की फिटनेस की अवधि नजदीक है, उनको सूचना भी भेजी जा रही है, ताकि वह मोबाइल नंबर लिंक कराने के साथ वाहन की फिटनेस की प्रक्रिया को पूरा करा सकें। एआरटीओ नीतू सिंह का कहना है कि जिन वाहन स्वामी का आधार से मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है, वह जल्द से जल्द करा लें। बिना आधार नंबर लिंक हुए उनके वाहन की फिटनेस नहीं हो सकेगी।