हाथरस में सहपऊ कस्बा के मोहल्ला होलीगेट निवासी आरती पत्नी योगेश वार्ष्णेय ने शुक्रवार रात कोतवाली के साथ पुलिस मदद संख्या 112 में सूचना दी कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और बच्चियों के साथ कमरे में बंद कर दिया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बंद कमरे से बाहर निकाला और उसके पति को कोतवाली ले गई। सुबह होने पर महिला के मायके वाले भी आ गए। महिला मायके में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत है। उसका कहना है कि जब भी वह यहां आती है, तो उसका पति उसके साथ मारपीट ही करता रहता है। पुलिस ने महिला के पति को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया। महिला अपना सामान लेकर मां के साथ मायके चली गई।