वन स्टॉप सेंटर पर तैनात एक होमगार्ड ने एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ कर दी। लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और उसे पीटा। पिटाई करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी होमगार्ड को जेल भेज दिया है।
आरोपी होमगार्ड दिनेश गांव रोहई थाना चंदपा का रहने वाला है और उसकी ड्यूटी सदर तहसील स्थित वन स्टॉप सेंटर पर थी। पीड़ित किशोरी का पिता तहसील पर चाय का ठेला लगाता है। उसकी नाबालिग बेटी और पत्नी भी वहां पर रहते हैं। मंगलवार को होमगार्ड चाय पीने ठेले पर आया और उस समय वहां पर किशोरी अकेली थी। आरोप है कि होमगार्ड ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी।
किशोरी के शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए और किशोरी के माता-पिता भी पहुंच गए। किशोरी के परिजनों और लोगों ने होमगार्ड को पीटना शुरू कर दिया। किशोरी ने आरोपी को पीटा। इसी बीच किसी ने पिटाई के दौरान की वीडियो बनाकर वायरल कर दी। लोगों आरोपी होमगार्ड को थाना हाथरस गेट पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि आरोपी होमगार्ड दिनेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद