जिले में नेत्र संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इन दिनों यह संक्रमण स्कूली बच्चों के साथ साथ हर उम्र के लोगों में फैल रहा है। इस संक्रमण की चपेट में आ रहे बच्चों व हर उम्र के व्यक्ति की आंखें लाल हो रही हैं। चिकित्सक संक्रमण की दवा के साथ बचाव की सलाह भी दे रहे हैं।
यहां तक कि स्कूलों में संक्रमण से ग्रस्त बच्चे चश्मा लगाकर पहुंच रहे हैं। स्कूलों में नेत्र संक्रमण वाले बच्चों को सामान्य बच्चों से दूर बैठाया जा रहा है, जिससे कि अन्य बच्चों में यह संक्रमण फैल न सके। वहीं स्कूलों में दवाओं का वितरण किया जा रहा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन नेत्र संक्रमण के 100 मरीज पहुंच रहे हैं।
गर्मी में उमस के लगातार बढ़ने के साथ ही नेत्र संक्रमण तेजी से फैल रहा है। नेत्र संक्रमण बच्चों में तेजी से फैल रहा है। इस कारण अब स्कूलों में नेत्र संक्रमण को लेकर एतिहात बरती जा रही है। परिषदीय विद्यालयों में नेत्र संक्रमण तेजी से फैलने के मामले सामने आ रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को ड्राप दी जा रही है।
वहीं बच्चों को चश्मा लगाने की सलाह भी दी जा रही है, जिससे कि यह संक्रमण एक के जरिए दूसरे में न पहुंच सके। यहां तक कि कुछ अभिभावकों ने नेत्र संक्रमण की वजह से बच्चों को स्कूल भेजने से ही रोक रखा है। स्कूलों में भी नेत्र संक्रमण से ग्रस्त बच्चों को अलग बैठाया जा रहा है,जिससे कि बच्चों में यह संक्रमण न फैल सके। बागला जिला अस्पताल की बात करें तो यहां प्रतिदिन 100 मरीज आ रहे हैं। यहां चिकित्सक दवा के साथ सथ बचाव की सलाह भी दे रहे हैं।
बच्चों की आंखों में संक्रमण हो गया है। हमें भी अब संक्रमित होने को डर लगा हुआ है। बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है।
-सुनीता देवी, अभिभावक।
हमारे बच्चों ने अपनी आंखों में जलन और लालिमा की शिकायत कर रहे हैं। बच्चों को फिलहाल स्कूल जाने से मना कर रखा है।
-नकसी देवी, अभिभावक।
बच्चों को संक्रमण से बचने के उपाय बताए गए हैं। विभाग से अभी तक कोई आदेश नही मिला, जिससे संक्रमित बच्चों को स्कूल से जाने के लिए कह सकें।-
शालिनी शर्मा, प्रधानाध्यापक,संविलियन विद्यालय कोटा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 100 मरीज नेत्र संक्रमण की चपेट में आकर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बारिश में भीगने और पसीने और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से नेत्र संक्रमण फैलता है। नेत्र संक्रमण से बचने के लिए आंखों की सेहत का विशेष ख्याल रखना चाहिए।
-नेत्र सर्जन व सीएमएस, बागला जिला अस्पताल।
नेत्र संक्रमण से बचने के उपाय
नेत्र संक्रमण से बचने के लिए बारिश में न भीगें।
आंखों को बार-बार न छुएं ।
आंखों को छूने से पहले हाथों को साबुन से साफ कर लें।
नेत्र संक्रमण होने पर काले चश्मे का प्रयोग करें ।
नेत्र संक्रमण से बढ़ी आई ड्राप व ट्यूब की डिमांड
नेत्र संक्रमण के बढ़ने के साथ ही बाजार में यकायक आई ड्राप व ट्यूब की मांग बढ़ गई है। मेडिकल स्टोर के संचालक निखिल वार्ष्णेय ने बताया कि एक साथ तेजी से नेत्र संक्रमण फैला है। इस संक्रमण के फैलने के साथ बाजार में इन दवाओं की मांग बढ़ गई है।