न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
गांव लहोर्रा मार्ग पर मंगलवार की देर शाम कस्बा से अपने घर जा रहे युवक को गांव के पास हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवक के हाथ में लगी है।
क्षेत्र के गांव लहोर्रा निवासी 32 वर्षीय किशन सिंह उर्फ मेघनाथ पुत्र शिवराज सिंह मंगलवार की रात करीब पौने आठ बजे बाइक पर सासनी से अपने घर जा रहा था। जब वह लहोर्रा मार्ग स्थित गांव से पहले रजबहे के पास पहुंचे तो बाइक का पीछा कर रहे हमलावरों ने किशन सिंह को पीछे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशन सिंह को उपचार के लिए सीएचसी ले गए।
वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। घटना की तहरीर घायल किशन के भाई बड़े भाई रामेश्वर पुत्र शिवराज ने कस्बे के रामू पुत्र वीरेंद्र सिंह व विवेक पुत्र कुंवर पाल सिंह के खिलाफ दी है। कोतवाल सतेंद्र सिंह राघव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद