न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हावड़ा-दिल्ली रेलवे लाइन पर गांव दरियापुर के निकट मालगाड़ी की चपेट में आने से गांव नगला नाई निवासी 45 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। एसआई राजेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया है।
शनिवार की देर रात को गांव नगला नाई निवासी महेश सिंह पुत्र कुंवरपाल सिंह घर से रोजाना की तरह देर शाम घूमने निकले थे। जैसे ही वह दरियापुर के निकट पहुंचे, तभी मालगाड़ी के चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजन भी आ गए। महेश सिंह की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद
रेलवे लाइन पर मिला पूर्व प्रधान का शव
सासनी। सासनी रेलवे स्टेशन की निकट रविवार की शाम को रेलवे फ्रेट कॉरिडोर की डाउन लाइन पर एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मरने वाले की पहचान योगेश चौधरी पूर्व प्रधान दरकौला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
35 वर्षीय युवक योगेश चौधरी पुत्र ज्वाला सिंह उर्फ डैडी गांव दरकौला के पूर्व प्रधान रहे हैं। वर्तमान में वह कोतवाली चौराहे पर निजी मकान बनाकर रह रहे थे। योगेश प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। चर्चा है कि वह सुबह घर से बिना बताए कहीं चले आए थे और मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की। योगेश चौधरी की बाइक रेलवे लाइन के किनारे खड़ी मिली। किसी राहगीर ने बाइक के नंबर को मोबाइल पर देखकर उनका नाम-पता मालूम किया और परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान योगेश चौधरी के रूप में की है। संवाद