न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्रीदाऊजी महाराज स्थित पंडाल में बुधवार की रात को भजन संध्या का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. देवेंद्र सिंह, सदर विधायक अंजुला माहौर, सिकंदराराऊ के विधायक वीरेंद्र सिंह राना, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संयोजक दिलीप मित्तल ने अतिथियों का छवि चित्र भेंट कर दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
शुरुआत से पहले कलाकारों ने मधुर ध्वनि बजाई। वृंदावन से आईं कीर्ति किशोरी ने सबसे पहले दाऊबाबा-रेवती मैया का जयघोष किया। इसके बाद कन्हैया बांसुरी वाले तुम्हारी याद आती है, जो प्रेम गली में आया नहीं, पीतम ठिकाना क्या जाने, इतना तो करना स्वामी जब प्राण तन से निकलें, गोविंद नाम लेकर मेरे प्राण तन से निकलें और श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी जैसे भजन सुनाकर वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
इसके अलावा चरकुला नृत्य, रासलीला की झांकियां प्रस्तुत की र्गइं। देर रात तक आस्था के संगम में भक्तों ने डुबकी लगाई। इस मौके पर गिर्राज किशोर शर्मा, प्रशांत शर्मा, प्रिया मित्तल, रुमी अग्रवाल, रविकांत अग्रवाल, रविंद सिंह सेंगर, विमल कुमार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, दिनेशचंद्र, देवेंद्र अग्रवाल, गजेंद्र सिंह राणा आदि थे। संवाद