न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
क्षेत्र के एक गांव की कुछ महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय से मिलकर एक युवक पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया।
महिलाओं ने शिकायती पत्र में कहा है कि वह मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करती हैं। गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर व जिला बदर रह चुके युवक द्वारा आए-दिन उन पर अत्याचार किए जा रहे हैं। आरोपी चाहे जब गाली-गलौज और मारपीट कर उनकी बेटियों के साथ अभद्र व्यवहार और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करता है। आरोपी ने गांव में दहशत का वातावरण बना दिया है।
वह तमंचा कारतूस लेकर घूमता रहता है। आरोपी धमकी देता है कि वह उनके परिवार की लड़कियों को मरवाने और उनके साथ बुरा कृत्य करने के लिए बाहर से आदमी बुला लेगा। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार सहित गांव से पलायन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। संवाद