न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा स्कूल के निकट बृहस्पतिवार की देर रात को स्कूटी को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार महिला घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक सवार व महिला के पति के बीच हाथापाई हो गई। यहां से बाइक सवार युवक बाइक को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। घायल को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला बनारसी निवासी बंटू फौजी बृहस्पतिवार की देर रात 34 वर्षीय अपनी पत्नी अंजू उपाध्याय के साथ स्कूटी से शहर से अपने गांव जा रहे थे। वह मथुरा रोड से अपने गांव को जाने वाली सड़क पर लॉर्ड कृष्णा स्कूल से थोड़ा आगे चले ही थे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे अंजू उपाध्याय बुरी तरह घायल हो र्गइं। बाइक सवार व बंटू फौजी के बीच हाथापाई होने लगी। इसके बाद सवार बाइक को मौके पर ही छोड़कर भाग गए।
कुछ ही देर में नगला बनारसी के काफी लोग मौके पर आ गए। यहां पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने अंजू को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए और वहीं रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। हाथरस गेट के कोतवाली निरीक्षक गौरव सक्सेना ने बताया कि स्कूटी व बाइक की भिड़ंत में महिला की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद