संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने अपने पति को मोहल्ले की ही एक महिला के साथ दूसरे शहर में जाकर होटल में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद महिला अपने पति व उसकी प्रेमिका को लेकर शहर आ गई। वहां हंगामा और मारपीट होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रेमी व पति को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला अपने पति से यह कहकर गई कि वह अपनी बड़ी बहन के घर जा रही है। उसी मोहल्ले का एक युवक अपनी पत्नी से कोई बहाना बनाकर घर से निकल गया। महिला व उसका प्रेमी युवक जिले से लगे दूसरे जिले के एक होटल में पहुंच गए। इसकी भनक प्रेमी युवक की पत्नी को लग गई। वह उसी होटल पहुंच गई और दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
इसके बाद महिला अपने पति व उसकी प्रेमिका को लेकर अपने घर आ गई। वहां इस बात को लेकर हंगामा हुआ। इतने में ही वहां पर महिला के पति व प्रेमिका के पति के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। वहां से उसका शांतिभंग में चालान किया गया।