न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाईटेंशन लाइन पर काम करते वक्त लगे करंट से ठेका कर्मी बुरी तरह से घायल हो गया। उसे साथी कर्मचारी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे उपचार देने के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इसके अलावा गांव किंदौली में पंखा ठीक करते वक्त युवक को करंट लग गया। उसे भी परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव फरीदाबाद निवासी अरविंद कुमार पुत्र प्रेम सिंह मंगलवार को ठेकेदार के साथ मुरसान के गांव गौजिया में बिजली का काम करने गया था। इस दौरान उसे करंट लग गया, जिससे वह झटके से बिजली के खंभे से टकरा गया और बुरी तरह से घायल हो गया। उसके साथी यह देखकर घबरा गए और उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव किंदौली निवासी अरमान को पंखा ठीक करते वक्त करंट लग गया। उसे परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के बाद उसे स्वास्थ्य लाभ हुआ। संवाद