न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शनिवार की रात भर हुई बारिश जहां किसानों के लिए फायदेमंद साबित हुई तो वहीं शहर में स्थान-स्थान पर जलभराव का सबब भी बन गई। नगर पालिका के सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई। इससे पूरे दिन लोग काफी परेशान रहे। बारिश ने गर्मी से जरूर लोगों को राहत दिलाई।
शनिवार की शाम से ही बारिश शुरू हो गई थी। बारिश का यह सिलसिला शनिवार की रात्रि में भी रुक-रुककर चला, जिससे किसान काफी खुश दिखे। खासतौर पर धान की खेती कर रहे किसानों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद साबित हुई। इधर, शहर में इस बारिश ने स्थान-स्थान पर जलभराव हो गया।
सुबह जब लोग उठे तो शहर के चामड़ गेट, नवीपुर, करबला रोड, तरफरा रोड, जलेसर रोड, विभव नगर, गिजरौली, महादेव नगर, श्रीनगर, नई बस्ती, लाला का नगला, नाई का नगला, नगला तंदुला, कंचन नगर आदि इलाकों में पानी भर गया। नाले-नालियाें का पानी उफनकर सड़क पर आ गया। रविवार को हालांकि चंद मिनट ही बूंदाबांदी हुई, लेकिन कई इलाकों में देर शाम तक जलभराव था और इसकी वजह से लोग परेशान रहे। संवाद