न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के नवीपुर रोड स्थित बौहरे जी का मिल कंपाउंड में चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह परिजनों को चौकीदार की मौत की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। यहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फैक्टरी स्वामी के मौके पर न आने पर परिजनों ने गुस्सा जाहिर किया। काफी देर तक मृतक के परिवार के लोग कोतवाली पर जमे रहे।
आगरा रोड गिजरौली निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीनारायण पुत्र रामसिंह बौहरे जी का मिल कंपाउंड में चौकीदारी करते थे। वह यहां पिछले करीब 14 सालों से चौकीदार कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह मिल कंपाउंड के अंदर रास्ते में भरे पानी में दीवार के सहारे मृत अवस्था में पड़े हुए थे। इसकी जानकारी सुबह के वक्त वहां से गुजर रहे लोगों ने मृतक के परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस भी आ गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काफी लोग कोतवाली सदर पहुंच गए। यहां फैक्टरी स्वामी के न आने से परिवार के लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। कोतवाली सदर प्रभारी के समझाने पर परिजन शांत हुए और फिर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली सदर प्रभारी लोकेश कुमार भाटी ने बताया कि चौकीदार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। संभवत: गिरने से मौत हुई है। बाकी की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। संवाद