न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव ताजपुर में मंगलवार को फिर हिंसक लंगूर ने कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीण हिंसक लंगूर के आतंक से फिर दहशत में आ गए हैं। कई दिन पहले लंगूर को पकड़ने के लिए वन विभाग और वाइल्ड लाइफ की टीम ने गांव व आसपास क्षेत्र में कई घंटे तलाशी ऑपरेशन चलाया था, लेकिन लंगूर नहीं पकड़ा जा सका। लंगूर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
करीब 10 दिन पहले क्षेत्र के गांव दगसह में लंगूर देखा गया था। गांव के लोग इसे सामान्य लंगूर समझ रहे थे। लंगूर ने हमला कर गांव के दर्जनभर से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया। अगले एक-दो दिनों में आसपास के गांव और क्षेत्र में लंगूर ने हमला कर दो दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया।
स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरी, पेशा काम पर जाने वाले लोग, यहां तक कि गांव में फेरी लगाकर सामान बेचने वाले लोग भी लंगूर के शिकार हो गए। वाइल्ड लाइफ और वन विभाग की टीम ने लंगूर को पकड़ने के लिए कड़ी मशक्कत की, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब एक हफ्ते से वन विभाग की टीम लगातार लंगूर को पकड़ने का प्रयास कर रही है। लंगूर कई दिन से दिखाई नहीं दे रहा था। मंगलवार को एक बार फिर गांव ताजपुर में लंगूर ने लोगों पर हमला बोल दिया।
हिंसक लंगूर ने गांव के विद्यालय में दो छात्रों पर हमला कर घायल कर दिया। इससे दिनभर स्कूली बच्चे दहशत में रहे। बाइक सवार दो युवकों को भी लंगूर ने निशाना बनाया। इसके बाद आसपास गांव में लंगूर के हमले की खबर फैल गई। लंगूर को लेकर लोग सावधान हो गए। वन विभाग की टीम ने फिर लंगूर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन लंगूर दिखाई नहीं दिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार ताजपुर और आसपास के गांव में लंगूर को पकड़ने के लिए जा रही है, लेकिन लंगूर दिखाई नहीं देता है। जैसे ही लंगूर दिखाई देगा, वाइल्ड लाइफ की टीम को मौके पर बुलाकर लंगूर को पकड़ा जाएगा। संवाद