हाथरस : तहसील में विरोध प्रदर्शन करते राजनगर के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव राजनगर में उचित दर विक्रेता की दुकान रिक्त है। यहां डीलर के चयन के लिए खुली बैठक में की गईं सभी कोशिशें बेकार चली गई हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसील में पहुंचकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया और एसडीएम को शिकायत दी है। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में राशन डीलर का चयन होना है। डीएम ने राशन डीलर की दुकान अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की है। दो बार खुली बैठक हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक डीलर का चयन नहीं हो पाया है। ग्राम पंचायत सचिव दिनेश सिंह तोमर ने बैठक के लिए 14 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की थी। बैठक की फोटो और वीडियोग्राफी कराए जाने के भी निर्देश थे। बैठक के लिए जैसे ही पंचायत सचिव पहुंचे, कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। बैठक की कार्यवाही को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। इसके चलते तीसरे प्रयास में भी राशन डीलर का चयन नहीं हो सका।
एसडीएम को शिकायत देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ लोग राशन डीलर नहीं चाहते हैं। इसी वजह से वह बार-बार गांव का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे ग्रामीणों ने मांग की है कि एसडीएम की उपस्थिति में खुली बैठक का आयोजन कर राशन डीलर का चयन कराए जाए। संवाद