हाथरस : एसपी कार्यालय में ज्ञापन देते कुशवाहा समाज के लोग। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कुशवाहा समाज के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने का एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर समाज के लोगों में गुस्सा व्याप्त है। बृहस्पतिवार को गुस्साए लोगों ने कोतवाली सदर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली पहुंचे उमेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि नाम राजा ठाकुर ऊर्फ आकाश ठाकुर निवास स्थान जिला धौलपुर (राजस्थान) के एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें उसने कुशवाहा समाज के प्रति काफी अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए भद्दी-भद्दी गाली गलौज दी है।
वीडियो दंगा भड़काने के उद्देश्य से जारी किया गया है। जिससे देश के कुशवाहा समाज व हर प्रतिष्ठित व्यक्ति में रोष पैदा हो। अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता है, अपराधी सिर्फ अपराधी है। इस प्रकरण का तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग कुशवाहा समाज के लोगों ने की। संवाद