न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टरों के नाम पर स्टाफ द्वारा पैसे मांगे जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि पीड़ित ने पैसे नहीं दिए तो मरीज को अस्पताल से रेफर कर डिस्चार्ज कर दिया गया। इस वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है।
इससे पूर्व सीएचसी पर नर्स द्वारा प्रसव के दौरान पैसा मांगने का मामला सामने आ चुका है। इस बार वायरल वीडियो में महिला स्टाफ डॉक्टर के नाम से मरीज के परिजनों से पैसों की मांग कर रही है। वीडियो में महिला कह रही है कि मरीज से कह रही है कि उससे पैसे लेकर उसे डॉक्टर को देने हैं। उसे तो इसमें से 200 रुपये ही मिलेंगे।
बाकी डॉक्टर साहब को देने हैं, जबकि वीडियो बना रहा व्यक्ति तीन हजार रुपये होने की बात कह रहा है। यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर दलवीर सिंह रावत का कहना है कि जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद