हाथरस : होटल में ट्रक घुसने से टूटा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
जीटी रोड स्थित मिश्री होटल में मंगलवार की रात दो बजे के करीब एक ट्रक अनियंत्रित होकर घुस गया। टकराने के बाद ट्रक वहीं पलट गया। हालांकि, रात होने की वजह से हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन होटल का बाहरी हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। कंपाउंड में सो रहे होटल स्वामी टक्कर की आवाज सुनकर उठ गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
जीटी रोड पर होने की वजह से होटल में दिन में काफी लोग पहुंचते हैं। मंगलवार की रात लगभग एक बजे होटल बंद हो गया था। रात दो बजे ट्रक की टक्कर से होटल मालिक की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि ट्रक ने होटल की बाहरी बनावट सजावट ध्वस्त कर दी।
टक्कर की आवाज सुन कर आसपास के मकान में सो रहे लोग भी उठकर घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। होटल मालिक ने बताया कि अगर हादसा दिन में होता तो गंभीर हो सकता था। संवाद