किसान राकेश चौहान का फाइल फोटो।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
एटा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 पर बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।
पहली दुर्घटना बुधवार को शाम चार बजे हुई। कोतवाली क्षेत्र के गांव जरारा-अगराना निवासी 52 वर्षीय राकेश चौहान पुत्र जुगेंद्र सिंह 52 वर्ष हाल निवासी भूतेश्वर कॉलोनी सिकंदराराऊ अपने गांव से साइकिल पर सिकंदराराऊ की भूतेश्वर कॉलोनी आ रहे थे।
सिकंदराराऊ से आठ किमी दूर गांव पिपलगवां मोड़ पर पीछे से आ रही बोलेरो कार ने साइकल को टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप राकेश को सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो को लेकर फरार हो गया। राकेश की मौत की खबर फैलते ही उनके घर पर काफी भीड़ जमा हो गई। व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय व भाजपा नेता नरेंद्र सिंह चौहान ने भी घर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
दूसरी दुर्घटना एटा रोड पर गांव मुगलगढ़ी के गुरुद्वारे के समीप हुई। गांव रतिभानुपर निवासी मानपाल सिंह (62 वर्ष) पुत्र दीनदयाल बाइक पर धान बेचने मंडी समिति आ रहे थे। पीछे से आते कंटेनर ने उनकी बाइक को रौंद दिया। सिर में गंभीर चोट आने से मानपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक कंटेनर लेकर भागा। उसे रेलवे फाटक पर चालक सहित पकड़ लिया गया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों की रिपोर्ट वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली में दर्ज करा दी गई है। संवाद
हाथरस : दुर्घटना में मृत किसान मानपाल सिंह का फाइल फोटो। - फोटो : SIKANDHRA RAHU