न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कस्बा बिसावर में वृद्धा से हुई लूट का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 70,350 रुपये नकद, दो तमंचा व कारतूस, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, थैला और अन्य सामान बरामद किया है। इन दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने बैंक से रुपये निकालकर घर जाते समय वृद्धा को शिकार निशाना बनाया था।
क्षेत्र के गांव राधे गढ़ी निवासी विमलेश देवी पत्नी बाबूलाल भारतीय स्टेट बैंक की बिसावर शाखा से रुपये निकालकर पैदल अपने गांव जा रही थीं। गांव सूमरा के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने वृद्धा से करीब 17 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने लूट के मामले में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के तुरंत बाद एसपी देवेश कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक ब्रह्म सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तत्काल बैंक के निकट लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के निकट से मिले साक्ष्य, पूछताछ और मुखबिर की सूचना पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले दोनों शातिर आरोपियों को गांव से सिकुर्रा के निकट चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लकी पुत्र किशन गौतम, विवेक पुत्र प्रेम सिंह निवासीगण वनगढ़, सादाबाद के पास से पुलिस ने 70350 रुपया, दो अवैध तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, थैला आदि समान बरामद किया है। इन दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लूट की घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार सिंह, उप निरीक्षक यतेंद्र सिंह तेवतिया, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे। संवाद