न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्रीदाऊजी महाराज स्थित रिसीवर शिविर में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने वर्तमान सरकार की नीतियों की तारीफ की और कहा कि सरकार की नीतियां व्यापारियों के हित में हैं।
उन्होंने कहा कि जहां पिछली सरकारों में व्यापारी वर्ग पलायन करने को मजबूर था, वहीं भाजपा सरकार में व्यापारियों की समस्याओं का निदान हो रहा है। कोई भी सरकारी कर्मचारी अथवा जनप्रतिनिधि, नेता व्यापारियों का शोषण करने की बात तो दूर, शोषण करने की सोच भी नहीं पाता है। सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू ने कहा कि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा नेता या कोई भी अवांछनीय तत्व अगर किसी व्यापारी को परेशान करता है तो उसकी सूचना मुझे दें। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
सांसद राजवीर दिलेर के पुत्र सुरेंद्र दिलेर ने कहा कि व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए हर पल हर क्षण सदैव तैयार हैं। अब व्यापारियों पर कोई भी गलत दृष्टि नहीं डाल पाएगा। भाजपा शासन में व्यापार और व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। व्यापारी समाज की रीढ़ की हड्डी है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक सुरेश अग्रवाल ने की और संचालन सुधीर मित्तल ने किया।
दिनेश गुप्ता, जितेंद्र बेतिया, जिला अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सुधीर मित्तल, नगर मंत्री अर्जुन वाल्मीकि, गुलशन सैनी, भूपेंद्र कौशिक, रवि वर्मा, जगदीश प्रसाद वर्मा, नीरज अग्रवाल, मनोज वार्ष्णेय, दीपक भूटिया गोपाल वास, अमित खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल पीपा, करण चौधरी, अंशुल वाल्मीकि, शिवम कुमार, गौरव वाल्मीकि, पीयूष अग्रवाल थे। संवाद