न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के सीयल किला खेड़ा निवासी व्यापारी ने एक नामजद पर गोली मारकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पीड़ित के साथ हिंदू संगठनों के लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मोरमुकुट वर्मा पुत्र मिश्रीलाल वर्मा निवासी सीयल किला गेट ने बताया कि वह मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे सीयल किला गेट स्थित अपने हैंडीक्राफ्ट के कारखाने पर काम कर रहा था। इस बीच पड़ोस में रहने वाला कृष्णागोपाल उदल किन्ना पुत्र रमनलाल हाथ में पिस्तौल लेकर कारखाने में अंदर घुस आया और बोला कि तू राजी से कारखाना बंद करके नहीं जाएगा तो तुझे जान से ही मारना पड़ेगा।
आरोप है कि यह कहकर उसने मोरमुकुट की कनपटी पर पिस्तौल रखकर गोली चला दी। गोली कनपटी को छूती हुई दीवार से जा टकराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि आरोपी पूर्व में भी वर्मा के साथ कई बार आपराधिक घटनाएं कर चुका है। इस मामले को लेकर पीड़ित के साथ हिंदू संगठन के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली सदर प्रभारी लोकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। संवाद