हाथरस : पुरदिलनगर के जवाहर चौक पर कई दिन बाद चहल-पहल देखी गई। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कस्बा पुरदिलनगर में हालात सामान्य होने लगे हैं। बृहस्पतिवार को मुसलिम बाहुल्य इलाके की दुकानें खुलीं। वहीं, जवाहर चौक पर चहल पहल नजर आई। मुख्य बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही दिखी। टाउन एरिया कार्यालय में एएसपी, एसडीएम सीओ ने कस्बे के लोगों के साथ बैठक कर शांति से जुमे की नमाज अदा करने का आग्रह किया।
जुमे की नमाज के बाद फिर से कोई बवाल न हो इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इधर, कस्बे के हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को कई इलाकों की दुकानें खुलीं। जवाहर चौक पर चाट पकौड़ी फलों की ढकेल नजर आई।
टाउन एरिया के सभागार में एएसपी, प्रकाश कुमार, एसडीएम अंकुर वर्मा, सीओ सुरेंद्र सिंह ने नागरिकों की एक और बैठक ली। इसमें स्पष्ट कहा कि शांति से जुमे की नमाज पढ़ कर अपने घरों में चले जाएं। दोबारा कोई हिंसा हुई तो इस बार और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद